एमबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शिक्षक-अभिभावक संघ की बैठक आयोजित।
हल्द्वानी (नैनीताल)। एमबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हल्द्वानी में प्राचार्य प्रोफेसर एन. एस. बनकोटी की अध्यक्षता में शिक्षक-अभिभावक संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में छात्र-छात्राओं की समस्याओं पर विचार-विमर्श करते हुए उनके यथासंभव समाधान एवं समग्र विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया गया।
प्रोफेसर अनिता जोशी द्वारा शिक्षक-अभिभावक संघ के उद्देश्य एवं उसकी कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के संरक्षक एवं प्राचार्य प्रोफेसर एन. एस. बनकोटी, शिक्षक-अभिभावक संघ के अध्यक्ष जगमोहन रौतेला एवं सचिव ईश्वर दत्त पलरिया द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षक-अभिभावक संघ के अध्यक्ष जगमोहन रौतेला ने अपने संबोधन में अभिभावकों की ओर से विद्यार्थियों की पार्किंग एवं वाहनों को व्यवस्थित खड़ा करने की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए सुझाव प्रस्तुत किए। इस विषय पर डॉ. नवल लोहनी ने विगत वर्षों से चली आ रही इस समस्या के समाधान को लेकर अपने विचार रखे।
बैठक में प्रोफेसर सी. एस. नेगी ने महाविद्यालय की उपलब्धियों एवं विभिन्न कार्यगत गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं प्रो. बी. आर. पंत ने महाविद्यालय, प्राध्यापकों एवं अभिभावकों की सहभागिता के माध्यम से विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण हेतु संयुक्त रुप से कार्य करने पर अपने विचार व्यक्त किए।
प्राचार्य प्रोफेसर एन. एस. बनकोटी ने महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं के साथ-साथ विद्यार्थियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए सकारात्मक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में महाविद्यालय के समस्त विभाग प्रभारी एवं शिक्षक-अभिभावक संघ समिति के सम्मानित सदस्य डॉ. कुटियाल, डॉ. नीलम धनसत्तू, डॉ. हेमलता, डॉ. विजयलक्ष्मी, डॉ. आभा त्रिपाठी, डॉ. मीना त्रिपाठी, प्रोफेसर सी. एस. नेगी, डॉ. स्निग्धा रावत, डॉ. सचेन्द्र कुमार सिंह एवं डॉ. कवलजीत कौर सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।



