औषधि निरीक्षक अल्मोड़ा ने रानीखेत व मजखाली क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों का किया औचक निरीक्षण।

रानीखेत (अल्मोड़ा)। जन स्वास्थ्य के दृष्टिगत औषधियों की गुणवत्ता एवं विक्रय व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से जनपद अल्मोड़ा में लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी क्रम में औषधि निरीक्षक अल्मोड़ा पूजा जोशी द्वारा रानीखेत एवं मजखाली क्षेत्र में स्थित विभिन्न मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा उसके अंतर्गत निर्मित नियमों के प्रावधानों के अनुपालन की जाँच की गई। निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के क्रम में मजखाली स्थित एक मेडिकल स्टोर का क्रय-विक्रय तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। वहीं अन्य मेडिकल प्रतिष्ठानों से 07 दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त औषधि निरीक्षक अल्मोड़ा द्वारा रानीखेत स्थित गोविंद सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय के औषधि भंडारण केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन को औषधियों के सुरक्षित एवं नियमानुसार भंडारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

निर्देशों में औषधियों को निर्धारित तापमान एवं उपयुक्त परिस्थितियों में संरक्षित रखना, एक्सपायर्ड अथवा निकट एक्सपायरी वाली औषधियों को अलग रखना, रिकॉर्ड एवं स्टॉक रजिस्टर का नियमित संधारण करना, नारकोटिक एवं विशेष श्रेणी की औषधियों का नियमानुसार अभिलेख रखना तथा औषधियों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतना शामिल रहा।

निरीक्षण के दौरान औषधि निरीक्षक द्वारा कुल 04 औषधि नमूने भी संग्रहित किए गए, जिन्हें परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए औषधि विश्लेषणशाला भेजा जाएगा। जाँच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

औषधि विभाग द्वारा जनपद में औषधियों की गुणवत्ता एवं सुरक्षित उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के निरीक्षण नियमित रुप से जारी रखे जाएंगे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *