चंपावत में सामूहिक दुष्कर्म मामले में उपपा ने जताया रोष, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग।

अल्मोड़ा। चंपावत में 16 वर्षीय 10वीं की छात्रा के साथ तीन लोगों द्वारा किए गए सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने रोष व्यक्त किया है। पार्टी ने इस घटना को मुख्यमंत्री के गृह जनपद में कानून-व्यवस्था के पूरी तरह ध्वस्त होने का प्रमाण बताया है।

उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पी.सी. तिवारी ने कहा कि यह घटना प्रदेश की कानून-व्यवस्था की पोल खोलती है और दर्शाती है कि पूरे प्रदेश का माहौल विषाक्त हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सत्ता से संरक्षित लोग आए दिन महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ जघन्य अपराधों को अंजाम दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को चार वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन आज तक पीड़िता को न्याय नहीं मिला और वीआईपी आजाद घूम रहे हैं। ‘नारी वंदन’ का नारा देने वाली भाजपा सरकार के शासन में महिलाएं और बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर प्रदेश की पुलिस आम लोगों का उत्पीड़न कर उन्हें आत्महत्या करने के लिए विवश कर रही है, वहीं दूसरी ओर बलात्कारियों को बचाने की कोशिश कर रही है, जो बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में सत्ता से संरक्षित लोग ही बहन-बेटियों की अस्मिता से खिलवाड़ कर रहे हैं।

पी.सी. तिवारी ने कहा कि भाजपा का जंगलराज अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:
● इस मामले की निष्पक्ष जाँच कराई जाए।
● घटना से जुड़े सभी नामजद आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
● मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर सभी दोषियों को कठोरतम दंड दिया जाए।
● पीड़िता और उसके परिवार को पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जाए।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *