भिकियासैंण में दर्दनाक सड़क हादसा: कार दुर्घटना में 3 लोगों की मौत, एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर निकाले शव।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। तहसील भिकियासैंण अंतर्गत आज गुरुवार सुबह एक कार संख्या UK04F6683 रापड़-गंगोड़ा-चमड़खान मोटर मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से नीचे बैण्ड में जा गिरी। हादसे में कार सवार 03 लोगों की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही तहसील मुख्यालय भिकियासैंण से एसडीआरएफ टीम तथा तहसीलदार बरखा जलाल तत्काल मौके पर पहुंचीं। एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शवों को बाहर निकाला। मिली जानकारी के अनुसार वाहन में तीन व्यक्ति सवार थे और तीनों के शव बरामद किए गए।

मृतकों की पहचान भुवन चन्द्र पुत्र दीवान राम (45 वर्ष), निवासी ग्राम सनेरी, तहसील रानीखेत, कैलाश चन्द्र पुत्र बहादुर राम (32 वर्ष), निवासी ग्राम ड्यौड़ाखाल, तहसील रानीखेत, तथा आनंद राम पुत्र मनी राम (40 वर्ष), निवासी थापला (भतरौंजखान), तहसील रानीखेत, जिला अल्मोड़ा के रुप में हुई है।

बताया गया कि मृतक आनंद राम वर्तमान में सौनी गाँव में अपने बच्चों के साथ किराये पर रहकर मेहनत-मजदूरी करता था।

एसडीआरएफ टीम प्रभारी महिपाल सिंह ने बताया कि रेस्क्यू अभियान के बाद तीनों शवों को वैधानिक कार्रवाई हेतु पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष भतरौंजखान अवनीश कुमार, पुलिस चौकी प्रभारी भिकियासैंण संजय जोशी, राजस्व उपनिरीक्षक रापड़ सबाना सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।

घटना सुबह करीब साढ़े 4 बजे की बताई जा रही है। बताया गया कि वाहन में सवार लोग नौघरिया (सिनौड़ा) से जागर लगाकर कार से वापस चमड़खान, तहसील रानीखेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे दुर्घटना का शिकार हो गए।

एसडीआरएफ टीम में प्रभारी महिपाल सिंह, कांस्टेबल हरीश पाण्डेय, अमित, राजेंद्र, जगमोहन, आनंद तथा होमगार्ड रोहित शामिल रहे।

बताया गया है कि उक्त सड़क काफी लंबे समय से खराब स्थिति में थी। दोनों ओर से बारिश का मलबा आने के कारण सड़क पूरी तरह संक्रिय हो गई थी।

इस संबंध में पाली-थौली की प्रधान चंपा देवी खत्री ने बताया कि उन्होंने सड़क को ठीक कराने के लिए विभाग को कई बार पत्राचार किया था। उन्होंने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *