भिकियासैंण में पेट्रोल-डीजल आपूर्ति कम होने से वाहन स्वामी परेशान।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत भिकियासैंण क्षेत्र स्थित एकमात्र पेट्रोल पंप में पिछले कई दिनों से पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति कम होने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालकों को ईंधन के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत उठानी पड़ रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्तमान में विवाह-शादी का सीजन चल रहा है, साथ ही विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। ऐसे समय में ईंधन की कमी से कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

भिकियासैंण नगर पंचायत क्षेत्र में केवल एक ही पेट्रोल पंप होने के कारण आपूर्ति बाधित होने का सीधा असर पूरे क्षेत्र पर पड़ रहा है। लोगों ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूर्ण रुप से बहाल कराने की मांग की है ताकि वाहन स्वामियों को राहत मिल सके।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द आपूर्ति सुचारु रुप से नहीं हुई तो क्षेत्र में परिवहन और दैनिक गतिविधियां और अधिक प्रभावित हो सकती हैं। वहीं, लोग प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *