बदहाल विद्युत व्यवस्था पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, प्रदर्शन कर फूंका बिजली विभाग का पुतला।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड सल्ट के अंतर्गत तल्ला सल्ट के अनेक गाँवों में बदहाल विद्युत व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बिजली की जर्जर लाइनें, पुराने ट्रांसफार्मर और बार-बार हो रही शॉर्ट सर्किट की घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने हरड़ा मौलेखी में प्रदर्शन कर बिजली विभाग का पुतला फूंका।
मंगलवार को प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि हरड़ा मौलेखी समेत आस-पास के गाँवों में लंबे समय से बिजली व्यवस्था की स्थिति खराब बनी हुई है। कई 16 केवीए के ट्रांसफार्मर खराब पड़े हैं, जबकि क्षेत्र में लगे बिजली के पोल और तार भी काफी पुराने हो चुके हैं। ग्रामीणों के अनुसार, सुरक्षा उपकरणों की कमी और पेड़ों की टहनियों के विद्युत लाइनों से टकराने के कारण शॉर्ट सर्किट एवं आगजनी का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने पूर्व में लोहेड़ा गाँव के पाँच तोकों में शॉर्ट सर्किट से 30 से 40 परिवारों के घरों में आग लगने की घटनाओं का हवाला देते हुए अन्य गाँवों में भी हुई ऐसी घटनाओं की जाँच कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि आगजनी से प्रभावित परिवारों को मुआवजा मिलने में भी अनावश्यक देरी की जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने गलत और अधिक बिजली बिल जारी होने, आरटीआई के तहत मांगी गई सूचनाओं का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने तथा विद्युत कर्मचारियों के सुरक्षा उपकरणों, रखरखाव और बजट को लेकर भी सवाल उठाए। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर विभागीय जाँच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने मछोड़ फीडर की विद्युत लाइनों और ट्रांसफार्मरों की तकनीकी एवं सुरक्षा जाँच संयुक्त टीम से कराने, खराब ट्रांसफार्मर बदलने, पुराने पोल और तारों को दुरुस्त करने तथा पेड़ों की नियमित लॉपिंग कराने की मांग की है। इसके साथ ही गलत बिजली बिलों में सुधार और आगजनी से प्रभावित परिवारों को जल्द मुआवजा देने की भी मांग उठाई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
इस दौरान भास्कर मौलेखी, आदित्य मौलेखी, आनंद मौलेखी, हेमा मौलेखी, कैलाश मौलेखी, भुवन बिष्ट, ललित भट्ट, गोविंद सिंह, मंगल सिंह, उत्तम सिंह और नारायण दत्त आदि मौजूद रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल











