जिला फार्मेसी अधिकारी नवीन चंद्र जोशी 42 वर्षों की गौरवशाली सेवा के बाद सेवानिवृत्त।
ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनहितकारी सेवाओं के लिए विभाग ने दी भावभीनी विदाई।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। पंडित हरगोविंद पंत राजकीय जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा में जिला फार्मेसी अधिकारी नवीन चंद्र जोशी के सेवानिवृत्ति अवसर पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में लगभग 42 वर्षों तक निष्पक्षता, लगन और ईमानदारी के साथ सेवाएं देने के उपरांत उन्होंने राजकीय सेवा से सेवानिवृत्ति ग्रहण की।
इस अवसर पर अपने संबोधन में नवीन चंद्र जोशी ने कहा कि आज का दिन उनके लिए बेहद भावुक और विशेष है। उन्होंने बताया कि उन्होंने दिनांक 31 दिसंबर 1984 को जनपद पिथौरागढ़ के राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय क्विटी (मुनस्यारी) में अपनी सेवाओं की शुरुआत की थी। उस समय उनके मन में अनेक सपने और उत्साह थे। आज पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें एहसास होता है कि सहकर्मियों, वरिष्ठ अधिकारियों और परिवार के सहयोग के बिना यह लंबा सफर संभव नहीं था।
उन्होंने कहा कि सेवा काल के दौरान अनेक उतार-चढ़ाव, चुनौतियां और परिस्थितियां सामने आईं, लेकिन प्रत्येक अनुभव ने उन्हें बेहतर पेशेवर और बेहतर इंसान बनने में मदद की। उन्होंने विभाग के उच्च अधिकारियों, प्रमुख अधीक्षकों, वरिष्ठ अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ सहायकों, फार्मेसी अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ, अन्य विभागीय कार्मिकों, पारिवारिक सदस्यों, मित्रों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने अपने सीनियर एवं जूनियर सहकर्मियों को विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि सभी ने हर कदम पर उनका साथ निभाया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सेवा काल के दौरान अनजाने में किसी का दिल दुखा हो तो वे उसके लिए क्षमा प्रार्थी हैं।
नवीन चंद्र जोशी ने कहा कि विभाग से विदा होने के बाद वे अपने साथ सहकर्मियों का प्यार, सम्मान और शुभकामनाएं लेकर जा रहे हैं। उनके अनुसार यह जीवन का अंत नहीं, बल्कि एक नए अध्याय की शुरुआत है, जिसमें वे अपने परिवार, स्वजनों, मित्रों और अपने शौकों को अधिक समय देंगे।
उन्होंने चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उन्नति और सफलता की कामना करते हुए कहा कि विभाग दिन-दोगुनी और रात-चौगुनी प्रगति करते हुए नई ऊंचाइयों को छुए। अंत में उन्होंने सभी के प्यार, सम्मान और सहयोग के लिए हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए “जय हिंद” का उद्घोष किया।
उल्लेखनीय है कि नवीन चंद्र जोशी ने विभाग में लगभग 42 वर्षों तक कर्तव्यनिष्ठा, लगन, निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ जनहितकारी सेवाएं प्रदान कीं। उनकी सेवा का एक विशेष पहलू यह भी रहा कि उन्होंने अपने पूरे सेवाकाल में कभी भी चिकित्सा अवकाश ग्रहण नहीं किया, जो उनकी कार्यनिष्ठा और अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण माना जाता है।
मालूम हो, कि नवीन चंद्र जोशी मूल रुप से विकासखंड भिकियासैंण के विनायक क्षेत्र के निवासी हैं।
सेवा यात्रा का विस्तृत विवरण:
नवीन चंद्र जोशी ने अपनी राजकीय सेवा की शुरुआत 31 दिसंबर 1984 को फार्मासिस्ट पद पर जनपद पिथौरागढ़ के अधीन की। उनकी लगभग 42 वर्षों की लंबी सेवा यात्रा विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में रही। उनका कार्यकाल इस प्रकार रहा —
1- राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय क्वीटी, मुनस्यारी (पिथौरागढ़) — 01 जनवरी 1985 से 22 जुलाई 1986 तक।
2- राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय पन्थ्याली, डीडीहाट (पिथौरागढ़) — 23 जुलाई 1986 से 25 फरवरी 1988 तक।
3- राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय भैसड़गांव, सोमेश्वर-ताकुला (अल्मोड़ा) — 26 फरवरी 1988 से 09 अगस्त 2001 तक।
4- अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्यालकोट, भिकियासैंण (अल्मोड़ा) — 10 अगस्त 2001 से 30 सितंबर 2001 तक।
5- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण एवं स्यालकोट (अल्मोड़ा) — 01 अक्टूबर 2001 से 05 अगस्त 2004 तक।
6- राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय सिनौड़ा, भिकियासैंण (अल्मोड़ा) — 06 अगस्त 2004 से 04 अगस्त 2021 तक।
7- मुख्य फार्मेसी अधिकारी पद पर पदोन्नति के उपरांत राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय सिनौड़ा, भिकियासैंण — 05 अगस्त 2021 से 25 अप्रैल 2022 तक।
8- गोविंद सिंह मेहरा राजकीय चिकित्सालय, रानीखेत (अल्मोड़ा) — 26 अप्रैल 2022 से 11 मई 2023 तक।
9- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण (अल्मोड़ा) — 12 मई 2023 से 13 जुलाई 2025 तक।
10- पदोन्नति के उपरांत प्रमुख/जिला फार्मेसी अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण — 14 जुलाई 2025 से 08 नवंबर 2025 तक।
11- पंडित हरगोविंद पंत जिला चिकित्सालय, अल्मोड़ा — 09 नवंबर 2025 से 19 नवंबर 2025 तक।
12- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण में संबद्ध — 20 नवंबर 2025 से 23 मई 2026 तक।
13- पंडित हरगोविंद पंत जिला चिकित्सालय, अल्मोड़ा — 24 मई 2026 से 31 मई 2026 तक।
इस प्रकार नवीन चंद्र जोशी ने अपने सेवाकाल के दौरान पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में कार्य करते हुए चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी कार्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण को विभाग लंबे समय तक याद रखेगा।
विदाई समारोह में प्रमुख अधीक्षक डॉ. गढ़कोटी, वरिष्ठ डिप्लोमा फार्म संगठन की जनपदीय अध्यक्ष डॉ. डी.के. जोशी, वरिष्ठ फार्मेसी अधिकारी जी.एस. कोरंगा, श्यामलाल, मनराल, प्रशासनिक अधिकारी तारा भंडारी, कैलाश भगत, भावेश जोशी, वरिष्ठ सहायक मनीष तिवारी, कनिष्ठ सहायक लटवाल सहित फार्मेसी एवं नर्सिंग अधिकारी, कार्यालय कार्मिक, पैरामेडिकल स्टाफ, अनुसेवक, राजकीय वाहन चालक, पर्यावरण मित्र, पारिवारिक सदस्य, सहयोगी एवं मित्रगण उपस्थित रहे।



