डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरुकता कार्यक्रम आयोजित।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण की यूथ रेड क्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति को लेकर जागरुकता, शपथ ग्रहण एवं हस्ताक्षर अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के विभिन्न दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने तथा योग, प्राणायाम एवं व्यायाम को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का आह्वान भी किया गया।
इसके पश्चात विद्यार्थियों एवं यूथ रेड क्रॉस वॉलिंटियर्स ने खड़े होकर नशा मुक्ति की शपथ ली। सभी विद्यार्थियों एवं यूथ रेड क्रॉस वॉलिंटियर्स ने हस्ताक्षर अभियान में भाग लेते हुए नशा मुक्त संकल्प पत्र पर हस्ताक्षर किए। महाविद्यालय में यूथ रेड क्रॉस सोसाइटी के अंतर्गत नशा मुक्ति संकल्प पत्र हस्ताक्षर अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन यूथ रेड क्रॉस प्रभारी डॉ. इला बिष्ट द्वारा किया गया, जबकि डॉ. दिनेश कुमार, यूथ रेड क्रॉस सब-इंचार्ज ने कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. मनप्रीत सिंह ने की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थी, प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




