भिकियासैंण में निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का हुआ आयोजन।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। शिल्पकार भवन भिकियासैंण में स्थानीय जनता के विशेष आग्रह पर एक दिवसीय आयुर्वेदिक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी अल्मोड़ा के दिशा-निर्देशों के क्रम में आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के दूर-दराज के गाँवों से पहुंचे दर्जनों मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ उठाया।
राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बरकिंडा के चिकित्सा अधिकारी डॉ. ललित कुमार सिंह एवं राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय मणुली की चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामेश्वरी द्वारा शिविर में आए रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर जाँच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ-साथ उनके ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर की भी आवश्यक जाँच की, जिससे मधुमेह और उच्च रक्तचाप से पीड़ित रोगियों की समय पर पहचान की जा सके।
शिविर के दौरान विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श दिया गया और जरुरतमंदों को आयुर्वेदिक औषधियों का निःशुल्क वितरण किया गया।
इस अवसर पर डॉ. रामेश्वरी द्वारा महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याओं और बीमारियों के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए उन्हें जागरुक किया गया। चिकित्सकों ने लोगों को संतुलित आहार अपनाकर और नियमित जाँच के जरिए स्वस्थ जीवनशैली जीने के लिए प्रेरित किया।
स्थानीय जनता द्वारा आयुष विभाग से इस प्रकार के शिविर निरंतर आयोजित करने का आग्रह किया गया। वहीं शिल्पकार सेवा समिति के उपाध्यक्ष डॉ. एस. आर. चन्द्रा ने विभाग से माह में दो बार या फिर माह में एक बार शिविर आयोजित करने की मांग की।
डॉ. एस. आर. चन्द्रा ने कहा कि इस प्रकार के शिविर आयोजित होने से क्षेत्रवासियों को घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
इस शिविर को सफल बनाने में रिटायर्ड मंडी समिति इलेक्ट्रिक सुपरवाइजर भूवन चन्द्र आर्य, नीमा देवी सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




