इंटर कॉलेज चित्रकूट में धूमधाम से मनाई गई डॉ. अम्बेडकर की 135वीं जयंती।

स्याल्दे/भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्थानीय लोगों ने ‘जय भीम’ के नारों के साथ भव्य शोभायात्रा निकालकर पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया।

उत्तराखंड जन कल्याण समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत मंगरुखाल पंपिंग हाउस से इंटर कॉलेज चित्रकूट तक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आयोजन इंटर कॉलेज चित्रकूट में किया गया। मुख्य अतिथि राजेंद्र नेगी तथा विशिष्ट अतिथि सुनीता देवी की उपस्थिति में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया।

कार्यक्रम का संचालन सुनील टम्टा द्वारा किया गया। इस दौरान मुख्य वक्ता के रुप में भुवन चंद्र चतुर्वेदी, सुनील टम्टा, टी.आर. रौथान तथा एससी-एसटी शिक्षक एसोसिएशन स्याल्दे के अध्यक्ष रामी राम ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत 10 अप्रैल 2026 को आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, बाल विकास और स्थानीय बैंक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस शिविर में स्थानीय जनता ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर लाभ उठाया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति आर. नंदा कला संगम संस्था रामनगर एवं इंटर कॉलेज चित्रकूट के छात्र-छात्राओं द्वारा दी गई, जिसने कार्यक्रम में रंगारंग वातावरण प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर समिति द्वारा प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष को 11 सूत्रीय मांग पत्र भी प्रेषित किया गया, जिसमें समान कार्य के लिए समान वेतन, पुरानी पेंशन बहाली, ठेकेदारी प्रथा समाप्ति और स्थायी राजधानी जैसी प्रमुख मांगें शामिल रहीं।

कैम्प में डाक विभाग द्वारा आधार कार्ड बनाने की व्यवस्था नहीं होने तथा सुबह से बिजली गुल रहने पर सुनील टम्टा ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की तथा तीन दिवसीय आधार कार्ड कैम्प लगाने की मांग उठाई।

कार्यक्रम का समापन सुनील टम्टा द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रेरक नारे “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” के संकल्प के साथ किया गया।

इस अवसर पर भारी संख्या में लोगों ने शिरकत कर कार्यक्रम को सफल बनाया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *