वृद्धजनों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर ‘आओ मन की बात साझा करें’ जागरुकता कार्यक्रम आयोजित।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। मानसिक स्वास्थ्य क्लब, डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण द्वारा ग्राम श्रीकोट नाहोरी में वृद्धजनों के मानसिक स्वास्थ्य एवं जागरुकता विषय पर ‘आओ मन की बात साझा करें’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वृद्धजनों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता बढ़ाना तथा उनके जीवन में उत्पन्न होने वाले अकेलेपन, तनाव, भावनात्मक चुनौतियों एवं सामाजिक आवश्यकताओं को समझना और उन्हें आवश्यक भावनात्मक सहयोग प्रदान करना था।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं अनुभवों को सुना गया तथा मानसिक रुप से स्वस्थ रहने के लिए आपसी संवाद, सामाजिक जुड़ाव और सकारात्मक सोच के महत्व पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की मानसिक स्वास्थ्य क्लब सदस्य डॉ. इंदिरा, असिस्टेंट प्रोफेसर, भौतिक विज्ञान विभाग द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में डॉ. परितोष उप्रेती, असिस्टेंट प्रोफेसर, भूगोल ने सक्रिय रुप से सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य के प्रति समाज में जागरुकता बढ़ाने तथा विशेष रुप से वृद्धजनों को भावनात्मक एवं सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
कार्यक्रम ने वृद्धजनों और समाज के बीच संवाद एवं संवेदनशीलता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रुप से सहयोग प्रदान किया।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल













