डॉ. दाभोलकर की शहादत को याद कर मनाया गया राष्ट्रीय वैज्ञानिक चेतना दिवस।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। भारत ज्ञान विज्ञान समिति के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने वाले डॉ. नरेन्द्र दाभोलकर की शहादत को याद कर आर.सी.एम. पब्लिक स्कूल बासोट में “राष्ट्रीय वैज्ञानिक चेतना दिवस” के रुप में मनाया गया।

डॉ. नरेन्द्र दाभोलकर के योगदान को किया याद:
डॉ. दाभोलकर एक समाजसेवी, कुशल चिकित्सक, लेखक व महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति, एक अंधविश्वास उन्मूलन के लिए गठित संगठन के संस्थापक एवं अध्यक्ष थे।

भारत ज्ञान विज्ञान समिति के जिला सचिव कृपाल सिंह शीला ने इस अवसर पर डॉ. दाभोलकर के समाजहित में किए गए योगदान को याद कर अपनी तरफ से श्रद्धासुमन अर्पित किए।

बच्चों में वैज्ञानिक चेतना जागृत करने पर जोर:
इसके उपरांत बच्चों में वैज्ञानिक चेतना जागृत करने हेतु विज्ञान के संदर्भ में दोतरफा संवाद किया गया। बच्चों से समाज में व्याप्त अंधविश्वासों एवं सामाजिक बुराइयों को समाज से दूर करने का आग्रह किया गया।

इस अवसर पर कहा गया कि आज हमें समाज में नशे के बढ़ते प्रचलन व पर्यावरण प्रदूषण आदि ज्वलंत समस्याओं के प्रति संवेदनशील होने की जरुरत है। विज्ञान की सही जानकारी होने से हम समाज में व्याप्त अंधविश्वासों को दूर कर सकते हैं।

विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी:
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक मनमोहन सिंह बिष्ट व शिक्षक रमेश डंगवाल द्वारा भी बच्चों को विज्ञान विषय के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

विज्ञान की हमारे जीवन में उपयोगिता पर आकांक्षा, देव वर्मा, प्रिन्स रावत, गौरव डंगवाल, प्रेरणा ने अपने विचार अभिव्यक्त किए।

इस अवसर पर अंकित, सौरभ अधिकारी, सोम्या, कनिष्का, कार्तिक द्वारा सक्रिय रुप से प्रतिभाग किया गया।

प्रतिभागी बच्चों को किया गया पुरस्कृत:
सभी प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार स्वरुप बालपत्रिका बालप्रहरी, पैन, पेंसिल, स्कैच पैन प्रदान किए गए। अन्य सभी प्रतिभागी बच्चों को ज्ञान विज्ञान बुलेटिन दिया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर जताया आभार:
कार्यक्रम के समापन पर भारत ज्ञान विज्ञान समिति के जिला सचिव कृपाल सिंह शीला ने विद्यालय के प्रबंधक, शिक्षकों व सभी प्रतिभागी बच्चों का कार्यक्रम को उद्देश्यपूर्ण व सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *