राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालयी वातावरण, शैक्षणिक व्यवस्था एवं विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराने के उद्देश्य से अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

महाविद्यालय, विषयों एवं पाठ्यक्रमों की दी जानकारी:
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महाविद्यालय का परिचय, विभिन्न विभागों, विषयों एवं पाठ्यक्रमों, अध्ययन-अध्यापन की प्रक्रिया तथा उच्च शिक्षा एवं रोजगार की संभावनाओं के संबंध में जानकारी दी गई। सभी विषयों के प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को अपने-अपने विषयों की प्रकृति, अध्ययन की उपयोगिता तथा विषयगत गतिविधियों से अवगत कराया।

विभिन्न समितियों एवं गतिविधियों की दी जानकारी:
इसके अतिरिक्त विभिन्न समितियों एवं प्रकोष्ठों के प्रभारी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय में संचालित खेलकूद, रोवर्स-रेंजर्स, छात्रवृत्ति, परीक्षा व्यवस्था, एंटी-ड्रग्स अभियान, सांस्कृतिक गतिविधियों, छात्र कल्याण, अनुशासन एवं अन्य सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को इन गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।

अनुशासन एवं समय-पालन पर दिया जोर:
विद्यार्थियों को महाविद्यालय की निर्धारित ड्रेस में नियमित रुप से महाविद्यालय में आने, समय-पालन एवं अनुशासन का पालन करने तथा महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं का सदुपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों से महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण एवं विकास को और बेहतर बनाने के लिए अपने रचनात्मक सुझाव एवं विचार साझा करने का आह्वान किया गया।

प्राचार्या ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित:
प्राचार्या प्रोफे. शर्मिला सक्सेना ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालयीन जीवन केवल पाठ्यक्रम एवं परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्माण का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की इच्छा जताई:
कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों की समग्र जानकारी प्राप्त हुई तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता करने की रुचि व्यक्त की।

कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. मनप्रीत सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर वाणिज्य विभाग एवं सहसमन्वयक डॉ. दयाकृष्ण, असिस्टेंट प्रोफेसर जंतु विज्ञान विभाग ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *