अतिवृष्टि को लेकर जिलाधिकारी ने बुलाई आपात बैठक, 02 सितंबर को सभी विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद।
अल्मोड़ा। जनपद में अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी अल्मोड़ा अंशुल सिंह ने आपात बैठक बुलाकर विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी एवं संबंधित कार्मिक 24 घंटे सक्रिय रहें। साथ ही उन्होंने 02 सितंबर 2026 को जनपद के सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए।
भू-कटाव व खुदाई वाले निर्माण कार्य तत्काल रोकने के निर्देश:
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में संचालित ऐसे सभी निर्माण कार्य, जिनमें किसी भी प्रकार का भू-कटाव अथवा खुदाई का कार्य किया जा रहा है, उन्हें तत्काल प्रभाव से रोक दिया जाए। उन्होंने कहा कि इन निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
संवेदनशील मार्गों पर जेसीबी तैयार रखने के निर्देश:
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रमुख एवं संवेदनशील मार्गों पर जेसीबी मशीनों को तैयार रखने के निर्देश दिए। किसी भी स्थान पर मलबा आने अथवा मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करते हुए मार्ग को यातायात के लिए खोला जाए।
स्वास्थ्य सेवाएं एवं एम्बुलेंस रहेंगी अलर्ट मोड पर:
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को समस्त स्वास्थ्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा एम्बुलेंस सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित अन्य विभागों के अधिकारी तथा समस्त उपजिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल














