खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने रानीखेत में मेडिकल स्टोरों का किया निरीक्षण, तीन प्रतिष्ठानों पर तत्काल रोक।

रानीखेत (अल्मोड़ा)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जनपद अल्मोड़ा में औषधियों के सुरक्षित एवं विधिसम्मत क्रय-विक्रय को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निरंतर निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को ड्रग इंस्पेक्टर अल्मोड़ा पूजा जोशी द्वारा रानीखेत क्षेत्र में सघन निरीक्षण एवं चेकिंग अभियान चलाया गया।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न औषधि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम तथा नियमावली के प्रावधानों के अनुपालन की जाँच की गई। निरीक्षण में पाई गई अनियमितताओं के आधार पर एक औषधि अनुज्ञापत्र (लाइसेंस) के निलंबन/निरस्तीकरण की संस्तुति की गई।

इसके अतिरिक्त, तीन औषधि प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने के कारण उनके औषधियों के क्रय-विक्रय को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। संबंधित प्रतिष्ठानों को निर्देशित किया गया कि वे अनुज्ञापत्र की समस्त शर्तों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।

विशेष रुप से प्रतिष्ठानों में पंजीकृत फार्मासिस्ट की नियमित उपलब्धता, औषधियों का विधिसम्मत क्रय-विक्रय, निर्धारित अभिलेखों का संधारण तथा औषधि नियमों के अनुरुप कार्य संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित फर्मों को निर्धारित समयावधि में कमियों को दूर कर विभाग को अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के लिए भी निर्देशित किया गया।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य के हित में ऐसे निरीक्षण अभियान भविष्य में भी नियमित रुप से जारी रहेंगे तथा औषधि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *