राजकीय महाविद्यालय दुगनाकुरी में अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन ने आयोजित की छात्रवृत्ति कार्यशाला।
दुगनापुरी (बागेश्वर)। राजकीय महाविद्यालय दुगनाकुरी में अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन की ओर से छात्रवृत्ति हेतु एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। उक्त कार्यशाला में फाउंडेशन की अधिकारी सुरक्षा एवं कमलेश द्वारा छात्राओं को छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
छात्राओं को मिलेगी प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति:
कार्यशाला में बताया गया कि इस छात्रवृत्ति का लाभ केवल छात्राएं ले सकती हैं। यह छात्रवृत्ति एक वर्ष में 30,000 रुपये होगी, जो दो किस्तों में प्रदान की जाएगी। छात्रवृत्ति के लिए अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन के पोर्टल पर 31 अगस्त 2026 तक आवेदन किया जा सकता है।
बताया गया कि जो छात्राएं राजकीय इंटर कॉलेज से कक्षा 12वीं उत्तीर्ण हैं और उन्होंने महाविद्यालय में स्नातक में प्रवेश लिया है, वे उक्त छात्रवृत्ति के लिए आवेदन फॉर्म भर सकती हैं।
छात्रवृत्ति से बेटियों को पढ़ाई जारी रखने में मिलेगी मदद:
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. हरिओम प्रकाश सिंह ने कहा कि अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा छात्रों को दी जा रही छात्रवृत्ति इन छात्राओं के जीवन में उल्लास और आगे बढ़ने के लिए उत्साह भर देगी, क्योंकि इस छात्रवृत्ति से हमारी बेटियां अपनी पढ़ाई निरंतर आगे बढ़ा सकती हैं।
प्रेमचंद जयंती पर क्विज प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित:
तत्पश्चात उक्त फाउंडेशन द्वारा प्रेमचंद जयंती के उपलक्ष्य में एक क्विज प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
कार्यशाला के संयोजक डॉ. अजय आर्य ने फाउंडेशन की अधिकारी सुरक्षा एवं कमलेश को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस छात्रवृत्ति से छात्राओं का भविष्य उज्जवल होगा।
उक्त कार्यशाला में डॉ. गोपाल राम ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










