राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में दिव्यांग सुविधाओं हेतु ₹1.50 लाख स्वीकृत।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल के सौजन्य से डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में दिव्यांगजन सुविधाओं के विकास हेतु ₹1.50 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस बजट का उद्देश्य महाविद्यालय परिसर को दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाना है।
स्वीकृत धनराशि से महाविद्यालय में दिव्यांग-अनुकूल शौचालय का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा मुख्य भवनों तक आवागमन को आसान बनाने के लिए रैम्प एवं रेलिंग स्थापित की जाएंगी तथा जरुरतमंद विद्यार्थियों के लिए व्हीलचेयर की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।
महाविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इन सुविधाओं के विकसित होने से दिव्यांग छात्र-छात्राओं को परिसर में आने-जाने और शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेने में काफी सुविधा मिलेगी।
दिव्यांग विद्यार्थियों की सहूलियत और सुरक्षा से जुड़े इन महत्वपूर्ण कार्यों को मंजूरी मिलने पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर शर्मिला सक्सेना सहित समस्त महाविद्यालय स्टाफ ने विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल का आभार व्यक्त किया है।



