सैनिक संगठन भिकियासैंण के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 107 लोगों ने लिया लाभ।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण में सैनिक संगठन भिकियासैंण के सहयोग से एमएच रानीखेत द्वारा एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा कुल 107 लोगों ने स्वास्थ्य जाँच एवं परामर्श का लाभ प्राप्त किया।

शिविर के दौरान 12 दंत रोगियों की जाँच की गई, जबकि 37 लोगों की आँखों की जाँच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी जानकारी दी गई। मेडिकल कैंप में एमएच रानीखेत से आए चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इसमें डॉ. मेजर भरत, महिला चिकित्सक डॉ. मेजर वाणी प्रिया तथा नेत्र विशेषज्ञ डॉ. मेजर रोहन राजपूत शामिल रहे। इसके अलावा हैड़ाखान नेत्र चिकित्सालय रानीखेत से नेत्र विशेषज्ञ डॉ. भारतीय ने भी अपनी सेवाएं दीं।

शिविर को सफल बनाने में एमएच रानीखेत के तीन वरिष्ठ अधिकारियों एवं 10 जवानों का विशेष सहयोग रहा। वहीं सैनिक संगठन भिकियासैंण के अध्यक्ष आनंद सिंह कड़ाकोटी, कै. राजे सिंह, मोहन सिंह, गिरधर सिंह, गोपाल सिंह सहित अन्य पूर्व सैनिकों ने व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

स्थानीय लोगों ने इस स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर जारी रखने की मांग की।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *