कठिन परिस्थितियों में भी चमका सितारा: जितिन चोपड़ा ने 10वीं में हासिल किए 92.6% अंक।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। हल्द्वानी के महर्षि विद्या मंदिर, तीन ताश के होनहार छात्र जितिन चोपड़ा ने कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 92.6% अंक प्राप्त किए हैं। उनके इस उत्कृष्ट परिणाम से विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

जितिन के पिता रघुवीर प्रसाद चोपड़ा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिरमोली में प्रभारी प्रधानाचार्य हैं, जबकि उनकी माता प्रभा देवी चोपड़ा गृहणी हैं। साधारण परिवार से होने के बावजूद जितिन ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।

विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि जितिन शुरु से ही एक मेधावी और मेहनती छात्र रहे हैं। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ समय प्रबंधन का भी बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया। सीमित संसाधनों के बावजूद उनका आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास ही उनकी सफलता का मुख्य कारण बना।

जितिन की इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वहीं, जितिन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। जितिन ने पढ़ाई के बाद मेडिकल में जाने की रुचि रखी है।

उनकी यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी एक प्रेरणा बन गई है कि कड़ी मेहनत और सच्ची लगन से हर लक्ष्य को पाया जा सकता है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *