चाकू से धमकी के मामले में नया मोड़, आर्थिक लेनदेन और सोने के आभूषणों का विवाद आया सामने।

गोल्ड लोन में रखे आभूषणों की नीलामी के बाद बढ़ा विवाद, सविता की मृत्यु का कारण बिसरा जाँच रिपोर्ट के बाद होगा स्पष्ट।

हल्द्वानी (नैनीताल)। चाकू लेकर धमकी देने के मामले की जाँच में अब पूरी पृष्ठभूमि सामने आने लगी है। प्रारंभिक जाँच में आर्थिक लेनदेन एवं सोने के आभूषणों से संबंधित पुराना विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि गोल्ड लोन में रखे गए सोने के आभूषणों की नीलामी के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और गहरा गया।

घर के बाहर पहुंचकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी:
प्रारंभिक सूचना के अनुसार, सविता पत्नी राजीव कुमार, निवासी दुर्गा कॉलोनी, छोटी मुखानी के पुत्र द्वारा पूनम एवं उनके पति निलेश देवल के घर के बाहर पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए उन्हें बाहर निकलने के लिए ललकारा गया तथा जान से मारने की धमकी दी गई। युवक अत्यधिक आक्रोशित अवस्था में था तथा उसके हाथ में धारदार हथियार/चाकू था।

उक्त युवक द्वारा आवेश में आकर पूनम एवं निलेश देवल के घर के बाहर खड़ी उनकी स्कॉर्पियो पर चाकू से स्क्रैच किए गए तथा स्कूटी को गिराकर क्षतिग्रस्त किया गया। परिवार द्वारा अपनी सुरक्षा के दृष्टिगत घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया गया तथा तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी गई।

युवक को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। उसका नियमानुसार मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।

आर्थिक एवं सोने के आभूषणों के विवाद की पृष्ठभूमि:
अगले दिन दोनों पक्षों के थाने पहुंचने एवं पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर घटना की पृष्ठभूमि में लंबे समय से चला आ रहा आर्थिक लेनदेन एवं सोने के आभूषणों से संबंधित विवाद सामने आया।

वर्ष 2023 में सविता के पति राजीव कुमार की तबीयत खराब थी तथा उनके उपचार के लिए आर्थिक आवश्यकता उत्पन्न हुई थी। इसी दौरान सविता द्वारा पूनम से आर्थिक सहायता मांगी गई।

पूनम एवं सविता के बीच पूर्व से पारिवारिक एवं घरेलू संबंध होने के कारण आपसी विश्वास के आधार पर पूनम द्वारा सविता को अलग-अलग अवसरों पर अत्यधिक मात्रा में सोने के आभूषण दिए गए। बताया गया कि उक्त आभूषणों को गोल्ड लोन के माध्यम से धनराशि प्राप्त करने एवं राजीव कुमार के उपचार में उपयोग करने के उद्देश्य से लिया गया था। आभूषणों को गिरवी रखकर गोल्ड लोन लिया गया।

गोल्ड लोन की धनराशि जमा न होने पर आभूषणों की नीलामी:
बाद में लगभग तीन-चार माह पूर्व सविता की ओर से यह आश्वासन दिया गया कि निर्धारित तिथि तक सोने के आभूषण वापस कर दिए जाएंगे। निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी जब आभूषण वापस नहीं किए जा सके, तो पूनम एवं उनके पति निलेश देवल द्वारा उन स्थानों पर जानकारी की गई, जहां संबंधित सोने के आभूषणों के विरुद्ध गोल्ड लोन लिया गया था।

वहां जानकारी करने पर पता चला कि संबंधित गोल्ड लोन की धनराशि निर्धारित समय पर जमा न होने के कारण प्रक्रिया के तहत संबंधित सोने के आभूषणों की नीलामी की जा चुकी थी।

इस जानकारी के बाद पूनम एवं उनके पति निलेश देवल को आभूषणों की वास्तविक स्थिति एवं पूरे मामले की जानकारी हो गई।

जब सविता को यह पता चला कि पूनम एवं उनके पति निलेश देवल को सोने के आभूषणों के संबंध में पूरी वास्तविक जानकारी हो चुकी है और उन्हें यह भी पता चल गया है कि संबंधित आभूषण गोल्ड लोन में रखे जाने के बाद नीलाम हो चुके हैं, तो सविता मानसिक तनाव में आ गई थी।

सविता की मृत्यु के संबंध में स्थिति अभी स्पष्ट नहीं:
सविता पूर्व से ही पारिवारिक एवं आर्थिक परिस्थितियों को लेकर मानसिक तनाव में थी। हालांकि, वर्तमान में सविता की मृत्यु का वास्तविक एवं स्पष्ट कारण स्पष्ट नहीं है।

मृत्यु के कारण की वास्तविक स्थिति बिसरा सुरक्षित कर उसकी विधिवत जाँच/फॉरेंसिक परीक्षण की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत ही मृत्यु के कारण के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

वर्तमान में सविता की मृत्यु का कारण बिसरा जाँच की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस द्वारा प्रकरण से संबंधित सभी तथ्यों एवं परिस्थितियों की जाँच नियमानुसार की जा रही है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *