‘स्वस्थ मन–सुखी जीवन’ विषय पर मानसिक स्वास्थ्य जागरुकता कार्यक्रम आयोजित।
छात्राओं को तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया गया प्रेरित।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण के मेंटल हेल्थ क्लब के तत्वावधान में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भिकियासैंण में “स्वस्थ मन–सुखी जीवन” विषय पर मानसिक स्वास्थ्य जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के प्रति जागरुकता बढ़ाना तथा तनावमुक्त एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. दयाकृष्ण ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य स्वस्थ एवं सफल जीवन की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि परीक्षा का दबाव, सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग, पारिवारिक एवं सामाजिक अपेक्षाएँ तथा नकारात्मक सोच मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती हैं।
उन्होंने छात्राओं को तनाव प्रबंधन, समय प्रबंधन, नियमित योग एवं ध्यान, पर्याप्त नींद, संतुलित आहार तथा परिवार एवं शिक्षकों से खुलकर संवाद बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को छिपाने के बजाय समय रहते उचित परामर्श लेने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भिकियासैंण की प्रधानाचार्या गीता तड़ागी का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के सफल संचालन में रसायन विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य डॉ. साबिर हुसैन ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।



