कोसी नदी में नहाने से बचें, सुरक्षित रहने के लिए सोमेश्वर पुलिस ने चलाया जागरुकता अभियान।
सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। कोसी नदी में नहाने से बचने के लिए सोमेश्वर पुलिस लगातार जागरुकता अभियान चला रही है। हाल ही में हुई दुःखद घटना के मद्देनज़र अल्मोड़ा पुलिस नदी तटों पर लगातार निगरानी रखते हुए लोगों को सुरक्षित रहने के प्रति जागरुक कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चन्द्रशेखर घोड़के द्वारा जनपद के समस्त कोतवाली एवं थाना प्रभारियों को हाल ही में कोसी नदी में नहाने के दौरान दो युवकों की दुःखद मृत्यु की घटना के दृष्टिगत नदी तटों पर लगातार निगरानी रखने तथा लोगों को जागरुक करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में कोतवाली सोमेश्वर पुलिस द्वारा लगातार कोसी नदी क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों को नदी में न उतरने एवं अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के लिए लाउडहेलर के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट कर जागरुक किया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोमेश्वर मदन मोहन जोशी द्वारा कोसी नदी के आस-पास भ्रमण किया गया। इस दौरान कुछ युवक नदी में नहाते हुए पाए गए, जिन्हें तत्काल नदी से बाहर निकलवाकर समझाया गया। साथ ही उन्हें नदी में नहाने से होने वाले संभावित खतरों एवं हाल ही में हुई दुःखद घटना की जानकारी देते हुए भविष्य में नदी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई।
अल्मोड़ा पुलिस ने आमजन, विशेषकर युवाओं एवं अभिभावकों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी-नालों का जलस्तर एवं बहाव अचानक बढ़ सकता है। इसलिए किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं तथा अपने बच्चों एवं परिजनों को भी नदी में नहाने या गहरे पानी के समीप जाने से रोकें।



