राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में स्नातक प्रथम सेमेस्टर प्रवेश पंजीकरण शुरु, 31 मई 2026 तक समर्थ पोर्टल पर करें आवेदन।

शीतलाखेत (अल्मोड़ा)। राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक प्रथम सेमेस्टर की कक्षाओं में प्रवेश पंजीकरण प्रक्रिया शुरु हो गई है। इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके छात्र-छात्राएं बीए प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए समर्थ पोर्टल के माध्यम से 31 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य प्रो. अनुपमा तिवारी ने बताया कि अभ्यर्थियों को अपनी ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर का उपयोग कर पंजीकरण कराना होगा। इससे ओटीपी और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं सीधे उन्हें प्राप्त हो सकेंगी। उन्होंने सभी इच्छुक विद्यार्थियों से समय पर पंजीकरण करने की अपील की है।

प्रभारी प्राचार्य ने बताया कि प्रवेश आवेदन पत्र भरने और अपलोड करने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना आवश्यक होगा। महाविद्यालय में प्रवेश के लिए बुलाए जाने पर छात्रों को आवेदन पत्र की प्रति के साथ हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की अंकतालिका, प्रमाण पत्र, टीसी, सीसी, जाति प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि महाविद्यालय में सभी सात विषयों के प्राध्यापक उपलब्ध हैं तथा महाविद्यालय का अपना भवन बनकर तैयार है। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को पुस्तकालय, वाचनालय, क्रीड़ा एवं कौशल विकास प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं।

प्रभारी प्राचार्य ने कहा कि प्रवेश पंजीकरण में किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर छात्र महाविद्यालय के नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी अथवा अन्य प्राध्यापकों से जानकारी एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *