राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी में नशा मुक्ति, स्वास्थ्य व महिला सशक्तिकरण पर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित।
हल्द्वानी (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर, किशनपुर, गौलापार में महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में “नशा मुक्त भारत अभियान, रेड क्रॉस जागरुकता, स्वास्थ्य समस्याएं एवं महिला सशक्तिकरण” विषय पर एक प्रभावशाली जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. कंचन सुंठा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों, महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं सुविधाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा उपलब्ध सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. भारती बहुगुणा ने दहेज प्रथा, बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव एवं घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए इनके उन्मूलन हेतु सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
डॉ. अर्चना जोशी ने रेडक्रॉस सोसायटी के तहत महिलाओं के स्वास्थ्य एवं आर्थिक सशक्तिकरण के महत्व को रेखांकित किया, वहीं डॉ. रीमा आर्या ने नशा मुक्ति में युवाओं की सामाजिक भूमिका, सेवा भावना एवं स्वास्थ्य जागरुकता के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने विचार प्रस्तुत किए, जिससे कार्यक्रम और अधिक सार्थक एवं संवादात्मक बन गया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. बुशरा मतीन द्वारा सभी आमंत्रित अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि सभी के सक्रिय सहयोग, सहभागिता एवं सकारात्मक ऊर्जा के कारण यह कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं उद्देश्यपूर्ण रुप से संपन्न हो सका।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. संजय कुमार, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. कैलाश कलोनी, डॉ. दीप चंद्र पांडे, डॉ. भारती बहुगुणा, डॉ. रीमा आर्या व डॉ. बुशरा मतीन समेत महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, विद्यार्थी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










